सहारनपुर में खूंखार कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है और वह आए दिन मासूम को अपना शिकार बना रहे हैं जिस कारण बच्चों को अकेले स्कूल भेजना या फिर अन्य किसी काम के लिए भेजना मुश्किल हो गया है। शनिवार सुबह ऐसा ही एक मामला नागल थाना क्षेत्र के गांव बेलडा जुनारदार में देखने को मिला। शुक्रवार शाम घर से खेलने के लिए गए 11 वर्षीय बालक घर से निकला था। गांव के खूंखार कुत्ते उसे खींचकर गांव के निकट जंगल में ले गए और पूरी रात नोच -नोच कर खाते रहे और वह अपने अंतिम समय तक तड़पता रहा। परिजनों के द्वारा पूरी रात खोजबीन के बाद उसका शव गांव के निकट एक खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच पड़ताल करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रियांशु आयु करीब 11 वर्ष पुत्र रविंदर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर से खेलने के लिए गया था।देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने बच्चे की खोज शुरू की।सोशल मीडिया पर भी बालक के गायब होने की सूचना प्रसारित की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला ।शनिवार सुबह प्रियांशु का शव गांव के निकट एक खेत में पड़ा मिला। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। सवजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और वह गांव के एक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ता था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में खूंखार कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। 2 दिन पहले भी कुत्तों ने आरव तथा सोनू को निशाना बनाते हुए उन्हें घायल कर दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।आदमखोर कुत्तों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई।दहशत के कारण लोगों ने अपने बच्चों का घर से निकलना बंद करवा दिया है।
