लखनऊ के इंदिरानगर से एक खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कानून को हाथ में लेकर एक महिला की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। यह वीडियो इंदिरानगर पुलिस की लापरवाही को बयां कर रहा है।
इंदिरानगर के सुगामऊ क्षेत्र में महिला को बेरहमी से और अश्लीलता के साथ पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक बच्चा चोरी के शक में महिला को बुरी तरह से बेरहमी से पीटा गया। घंटों तक यह ड्रामा चलता रहा, लेकिन पुलिस मौके से नदारद रही।
इससे इंदिरानगर पुलिस की लापरवाही साफ तौर पर देखने को मिल रही है। इससे पहले भी लापरवाही में एक चौकी दरोगा और सिपाही सस्पेंड हुए थे। पूर्व में भी एक चोरी के शक में युवक को सिगरेट से जलाने का मामला सामने आया था।
वहीं आज महिला के साथ इस दर्दनाक घटना ने कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान उठा दिए हैं। हालांकि चोरी के शक का मामला प्रकाश में आ रहा है, लेकिन अगर महिला चोर थी तो भी इस तरह बेरहमी से पिटाई करना और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
बता दें कि लखनऊ में कल एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने पुलिस प्रताड़ना और झूठे आरोपों की बात कही थी, बाद में उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। इस वीडियो ने भी लखनऊ पुलिस पर कई सवाल खड़े किए थे।
पूर्वी क्षेत्र में लगातार इंदिरानगर मे कई घटनाओं के वीडियो वायरल हो चुके हैं, लेकिन इतनी चोरी, मारपीट की घटनाओं के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, जिससे इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
