सपा के पीडीए प्रणपत्र में युवाओं, महिलाओं और किसानों पर फोकस, आजम खान ने जेल की यातनाओं को याद कर सुनाई आपबीती; अखिलेश बोले- अच्छे दिन आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं

सपा के पीडीए प्रणपत्र में युवाओं, महिलाओं और किसानों पर फोकस, आजम खान ने जेल की यातनाओं को याद कर सुनाई आपबीती; अखिलेश बोले- अच्छे दिन आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने इसे पारंपरिक घोषणा पत्र के बजाय ‘पीडीए प्रणपत्र’ नाम दिया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ वरिष्ठ नेता आजम खान भी मौजूद रहे। लंबे समय बाद आजम खान को अखिलेश यादव के बगल में मंच पर प्रमुख स्थान मिला। कार्यक्रम में आजम खान ने सबसे पहले मीडिया को संबोधित किया और अपने राजनीतिक सफर, जेल में बिताए समय, परिवार को झेलनी पड़ी परेशानियों और समाजवादी पार्टी से अपने रिश्तों को लेकर भावुक बातें कहीं। वहीं अखिलेश यादव ने पीडीए प्रणपत्र के माध्यम से सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की आर्थिक स्थिति, महिला सशक्तीकरण और कानून व्यवस्था को लेकर पार्टी की भावी योजनाएं सामने रखीं।
साढ़े पांच साल की कैद ने शरीर, दिल और दिमाग को प्रभावित किया: आजम खान
आजम खान ने अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि साढ़े पांच वर्षों तक अंधेरी कोठरी और कैद-ए-तन्हाई में रहने का उनके शरीर, दिल और दिमाग पर गहरा प्रभाव पड़ा है। इसलिए अगर उनसे कोई गलत बात निकल जाए तो उन्हें माफ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों और नफरत के माहौल से वह गुजरे हैं, उससे उन्हें लगता है कि वह मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे।
आजम खान ने अपने पुराने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के 50 साल एक खानदान और एक व्यक्ति, यानी नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ गुजारे हैं। उन्होंने अपनी अगली पीढ़ी को भी उन्हीं के हवाले कर दिया था। अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश बार-बार मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन जब वह मुख्यमंत्री बनेंगे तब वह कहां होंगे, यह उन्हें नहीं मालूम। हालांकि वह जहां भी होंगे, अखिलेश को बहुत आगे देखना चाहते हैं।
आजम खान ने शायराना अंदाज में अपनी बात रखते हुए एक गजल के शेर भी सुनाए। उन्होंने कहा कि जिंदगी का सफर कई बार इतना छोटा और मुश्किल हो जाता है कि इंसान को खुदा याद आने लगता है।
बेटे के साथ जेल में हुई जुदाई को याद कर भावुक हुए आजम

आजम खान ने जेल में बिताए दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि जेल से निकलने के महज 15 मिनट बाद ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें मालूम नहीं था कि कहां ले जाया जा रहा है। रात करीब साढ़े तीन बजे उन्हें जेल में उठाकर बताया गया कि उनका ट्रांसफर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अकेले तनहा जेल में रहना उतना कठिन नहीं है, जितना एक निर्दोष बेटे को जेल में देखना। आजम खान ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ जो हुआ, वैसा जुल्म मुगलों के समय में भी नहीं हुआ होगा। उन्होंने अपनी मृत मां और 85 वर्षीय सेवानिवृत्त बहन के खिलाफ वारंट जारी होने का भी जिक्र किया। आजम ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके घर में घुसी और उनकी बहन को घसीटते हुए ले गई।
उन्होंने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल में हुई जुदाई का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उन्हें और उनके बेटे को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया गया। उन्हें बताया तक नहीं गया कि बेटे को कहां ले जाया जा रहा है। बाद में पता चला कि उनका बेटा हरदोई जेल में है। आजम ने कहा कि उस समय उनका कलेजा फट गया था। हर रात वह अल्लाह से मौत की दुआ करके सोते थे। उनके बच्चे उनसे पूछते थे कि क्या वे कभी जेल से बाहर भी आएंगे। यह सवाल उनके लिए खंजर से कलेजा चीर देने जैसा था।
आजम खान ने मुर्गी चोरी के मामले में 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये जुर्माने का जिक्र करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि ताकतवर लोगों से उन्हें शिकायत है कि अगर उनसे मुर्गी चोरी कराई गई थी तो कम से कम ऐसा लिखवाते कि उन्होंने मुर्गी चोरी की है, ताकि मुर्गी तो हाथ लगती।
उन्होंने अखिलेश यादव से मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में कहा कि कम से कम छह महीने के लिए उन्हें भी जेल आ जाना चाहिए, ताकि उन्हें पता चले कि जेल में दिन और रात कैसे कटते हैं।
आजम खान ने कहा कि आने वाले वक्त में उन्हें अखिलेश यादव से मरहम की उम्मीद है, जो हर जख्मी दिल पर लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे वोट कटवा नहीं, बल्कि वोट जुड़वाने वाले हैं।
अखिलेश बोले- यह कोई आसमानी किताब नहीं, जरूरत के हिसाब से जुड़ेंगी योजनाएं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की बातों से खुद को जोड़ते हुए कहा कि पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, सरकार बनने पर उन्हें लागू किया गया। अगर किसी नई योजना की जरूरत पड़ी तो उसे भी लागू किया गया।
उन्होंने लखनऊ के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि नेताजी के मुख्यमंत्री रहते इस शहर को बसाने का काम हुआ था। सपा सरकार के दौरान सुशांत गोल्फ सिटी, मेदांता अस्पताल, इकाना स्टेडियम, लुलु मॉल, एचसीएल का आईटी हब और अन्य बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। अखिलेश ने कहा कि मेदांता अस्पताल उनके घोषणा पत्र का हिस्सा नहीं था, लेकिन जरूरत के अनुसार उसे बनवाया गया। इसी तरह रिवर फ्रंट और हाईकोर्ट की नई बिल्डिंग जैसी परियोजनाएं भी घोषणा पत्र में शामिल नहीं थीं, लेकिन प्रदेश की जरूरत को देखते हुए उन पर काम किया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का प्रणपत्र भी इसी सोच के साथ तैयार किया गया है। यह कोई आसमानी किताब नहीं है कि इसमें जो लिख दिया गया वही अंतिम होगा। प्रदेश की जरूरतों के अनुसार इसमें आगे भी नई चीजें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र लाने की बात भी कही।
संविधान की रक्षा और पीडीए की सरकार बनाने का दावा
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे दिन आए नहीं और अब बुरे दिन जाने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए संविधान को धीरे-धीरे कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। संविधान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि संविधान रहेगा तो किसी का शोषण नहीं हो पाएगा। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जो अधिकार दिए हैं, उनकी रक्षा की जाएगी। सपा सामाजिक न्याय, समानता और आरक्षण को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अखिलेश ने कहा कि पीडीए की ताकत का अहसास सत्ता में बैठे लोगों को हो चुका है। अब तक पीडीए के लोगों ने दूसरों की सरकारें बनवाई हैं, लेकिन अब पीडीए अपनी सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित और शोषित हैं, वही पीडीए का हिस्सा हैं।
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि 26 नवंबर 2020 को किसान आंदोलन शुरू हुआ था। आंदोलन के दौरान 700 किसानों की शहादत हुई। उन्होंने किसानों और आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
पीडीए प्रणपत्र में मुफ्त इलाज और शिक्षा का वादा

समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रणपत्र में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता के साथ सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। पार्टी ने प्रदेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने और शिक्षा की व्यवस्था बेहतर बनाने का वादा किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य व्यवस्था खुद इलाज मांग रही है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने एक मरीज के हाथ काटे जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने उसका इलाज कराया है।
उन्होंने राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लाने की घोषणा की। इसके तहत सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध कराने, एंबुलेंस व्यवस्था बेहतर करने और कैंसर के इलाज को सुलभ बनाने का वादा किया गया।
अखिलेश ने कहा कि कैंसर इंस्टीट्यूट में कैंसर का इलाज मुफ्त कराने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रदेश में पांच नए अस्पताल बनाए जाएंगे। उन्होंने लोहिया अस्पताल और सैफई मेडिकल संस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मरीजों को इलाज और भोजन की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाती थी।
युवाओं के लिए रोजगार, पेपर लीक पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने का वादा
पीडीए प्रणपत्र में युवाओं और बेरोजगार अभ्यर्थियों के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करेगी। शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष राज्य शिक्षा नीति लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी और रिक्तियों का मासिक कैलेंडर जारी होगा। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितता रोकने के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसमें संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की जिम्मेदारी तय होगी। परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अखिलेश ने घोषणा की कि ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, विदेशी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता और स्टार्टअप शुरू करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बड़े शहरों में छात्रों के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे। शहरों में रोजगार गारंटी योजना लागू करने की भी बात कही गई। सपा सरकार बनने पर लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू करने और बंद किए गए सरकारी विद्यालयों को फिर से संचालित करने का वादा किया गया।
उन्होंने कहा कि एचसीएल जैसे और संस्थान स्थापित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये, पांच रुपये में भोजन
महिला सशक्तीकरण को लेकर अखिलेश यादव ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र लाया जाएगा। पीडीए वर्ग की महिलाओं के लिए कैंटीन खोली जाएंगी, जहां पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।
अखिलेश ने महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया। बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की बात कही। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आश्रम और क्लब बनाए जाएंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास क्लब बनाने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी वादा किया गया।

जातिगत जनगणना और दलित-पिछड़ों के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर जातिगत जनगणना शुरू कराई जाएगी, ताकि समाज के सभी वर्गों की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति का पता चल सके।
उन्होंने दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू करने का वादा किया। उनके मुताबिक सामाजिक न्याय के बिना विकास की कल्पना अधूरी है।
किसानों की कर्जमाफी और 24 घंटे में गन्ना भुगतान

किसानों के लिए पीडीए प्रणपत्र में कई बड़े वादे शामिल किए गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र में 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम मूल्य की गारंटी देने की व्यवस्था की जाएगी। आलू और टमाटर के किसानों के लिए भी विशेष व्यवस्था होगी।
उन्होंने किसानों की कर्जमाफी योजना तत्काल लागू करने और गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर कराने का वादा किया। ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने की बात भी कही।
इसके अलावा न्यू विलेज क्लस्टर योजना लागू कर गांवों का नियोजित विकास करने और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, इंटरनेट तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

कानून व्यवस्था पर सपा का दावा, अपराधियों और भूमाफियाओं पर कार्रवाई का वादा

अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान पुलिस का रिस्पांस सिस्टम बेहतर बनाने के लिए काम किया गया था। उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क पुलिस के रिस्पांस सिस्टम को समझने के लिए अधिकारियों को भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे जेल भेजा जाएगा। व्यापारियों को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में जमीनों पर कब्जे और भूमाफियाओं की गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी। सरकारी जमीनों, तालाबों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए डायल-100 की तर्ज पर अलग रंग की विशेष गाड़ियां तैनात करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि हर जगह पुलिस की डायल-100 गाड़ियां तैनात रहेंगी और किसी भी जिले में अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।

महंगाई पर दाम बांधो योजना, भ्रष्टाचार रोकने के लिए तकनीक का इस्तेमाल

अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में महंगाई काफी बढ़ी है। सपा सरकार बनने पर आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने के लिए ‘दाम बांधो योजना’ लागू की जाएगी। इसके तहत दाम बांधो बाजार खोले जाएंगे।
भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल और सरकारी कामकाज की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के खातों में पहुंचाने की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
पुरानी पेंशन बहाली और संविदा कर्मचारियों के समायोजन का वादा
सपा ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए वित्त विभाग के अधिकारियों को शामिल कर योजना तैयार की जाएगी।

शिक्षामित्रों और संविदा कर्मचारियों के समायोजन को जरूरत के अनुसार करने की बात कही गई है। उन्हें सम्मानजनक वेतन उपलब्ध कराने का भी संकल्प लिया गया है।

एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड सड़कें और नदियों के किनारे रिवर फ्रंट
अखिलेश यादव ने बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 302 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 15 हजार करोड़ रुपये में कराया गया था। इस एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग भी कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एक्सप्रेसवे को तहसील स्तर तक जोड़ने का काम किया जाएगा और नई ग्रीनफील्ड सड़कें विकसित की जाएंगी।
नदियों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए हिंडन और यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की योजना भी सामने रखी गई। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में रिवर फ्रंट परियोजना का सही तरीके से इस्तेमाल होता तो नदी की सफाई की दिशा में बेहतर परिणाम मिल सकते थे।

पत्रकारों की स्वतंत्रता और यश भारती सम्मान की वापसी

अखिलेश यादव ने पत्रकारों की स्वतंत्रता को लेकर कहा कि सपा सरकार के दौरान पत्रकारों की आजादी का हनन नहीं होने दिया गया। सरकार बनने पर पत्रकार स्वतंत्र रहेंगे और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कैशलेस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कलाकारों, अभिनेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को यश भारती सम्मान दोबारा शुरू करने का वादा किया। सम्मान की राशि बढ़ाने की भी बात कही गई।
इसके अलावा बुनकरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने, छात्रवृत्ति की प्रक्रिया आसान बनाने, प्रदूषण से प्रभावित जीवनशैली को बेहतर करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सकारात्मक इस्तेमाल करने का संकल्प लिया गया।
योजनाओं के लिए फंडिंग का भी दिया हिसाब
पीडीए प्रणपत्र में शामिल योजनाओं को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर इन योजनाओं को लागू करने के लिए वित्तीय व्यवस्था भी तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान पीपीपी मॉडल पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया गया था।
उन्होंने भाजपा सरकार के ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों और एक्सप्रेसवे के विकास की वास्तविक स्थिति देखी जानी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि एचसीएल और सैमसंग जैसे बड़े निवेश को प्रदेश में लाने के लिए उनकी सरकार ने कंपनियों की जरूरतों को पूरा किया था।
उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के कार्यकाल में मेट्रो, बिजली उत्पादन और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बड़े काम हुए। लखनऊ, आगरा, कानपुर और नोएडा में मेट्रो परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

एआई से सुधरेगा यातायात, नई पीढ़ी के हिसाब से बनेगा नियो इंडिया

अखिलेश यादव ने कहा कि शहरों में लगातार बढ़ रहे जाम और यातायात की समस्याओं का समाधान एआई तकनीक के इस्तेमाल से किया जाएगा। उन्होंने नई पीढ़ी यानी जेनरेशन-जी और जेनरेशन-अल्फा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए भारत और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण की बात कही।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी वादे करना नहीं, बल्कि बदलते समय के हिसाब से प्रदेश की जरूरतों को पूरा करना है।

सत्ता में आने पर अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्ती का वादा

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि वह वचन देते हैं कि अगले साल सत्ता में आने पर किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी किसी भी जाति, धर्म, मजहब या राजनीतिक दल का हो, उसे जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीडीए प्रणपत्र में शामिल योजनाओं को लागू करने के लिए अलग से वित्तीय योजना तैयार की गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसानों की आय और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर प्रदेश के विकास का मॉडल तैयार किया गया है।
कुल मिलाकर समाजवादी पार्टी का पीडीए प्रणपत्र आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से एक व्यापक राजनीतिक दस्तावेज के रूप में सामने आया है। इसमें युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सहायता, किसानों की कर्जमाफी, पुरानी पेंशन बहाली, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। वहीं आजम खान की मंच पर मौजूदगी और उनके भावुक संबोधन ने इस राजनीतिक कार्यक्रम को एक अलग संदेश भी दिया। अब देखना होगा कि सपा के ये वादे प्रदेश की जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को कितना राजनीतिक लाभ मिलता है।

Related Articles

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *