Categories: भारत

भारत-चीन सीमा पर बुमला पास पहुंच जवानों से मिले केंद्रीय मंत्री शेखावत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत-चीन सीमा पर स्थित सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बुमला पास का दौरा किया। 14वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट में शामिल होने के दौरान उन्होंने बर्फ से ढकी हिमालय की ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित इस सीमावर्ती क्षेत्र में देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया।

बुमला पास की यात्रा को अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए शेखावत ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात जुटे वीर जवानों से मिलना और उनके अनुभवों को सुनना गर्व एवं आत्मीयता से भर देने वाला क्षण था। अत्यंत कठिन भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों में जवानों का साहस, अनुशासन और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

शेखावत ने कहा कि बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मनमोहक हिमालयी प्राकृतिक दृश्यों के बीच स्थित बुमला पास केवल अपनी खूबसूरती के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के शौर्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का भी अहसास कराता है। यहां पहुंचकर सीमाओं की सुरक्षा के लिए जवानों द्वारा किए जा रहे कठिन परिश्रम को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तवांग आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बुमला पास की यात्रा अवश्य करनी चाहिए। यह स्थान पर्यटन के साथ-साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता का भी अनुभव कराता है। हालांकि, यहां पर्यटकों का प्रवेश आवश्यक अनुमति और सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं के अधीन है।

शेखावत ने कहा कि बुमला पास की यात्रा व्यक्ति को हिमालय की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता से रूबरू कराने के साथ ही उन वीर जवानों के जीवन और परिस्थितियों को समझने का अवसर देती है, जो विषम मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद देश की सीमाओं की रक्षा में अडिग रहते हैं।

उन्होंने भारतीय सेना के जवानों के साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को नमन करते हुए कहा कि देश अपने इन वीर सैनिकों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा। जवानों के सम्मान में उन्होंने ‘जय हिंद’ का उद्घोष भी किया।

शेखावत ने भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के किए दर्शन


केंद्रीय मंत्री शेखावत ने तवांग स्थित ऐतिहासिक तवांग मठ में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन किए और उनका स्वागत किया। इस अवसर को अपने लिए परम सौभाग्य बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध बौद्ध परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का यह स्वरूप देश की गहरी सभ्यतागत विरासत का परिचायक है। शेखावत ने कहा कि इस पावन और आध्यात्मिक वातावरण में भारतीय संस्कृति की मूल भावना को आत्मसात करते हुए उन्होंने विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। भगवान बुद्ध के विचार और उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को करुणा, सह-अस्तित्व और शांति का संदेश देती हैं। तवांग मठ में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और बौद्ध विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर रहा।

Recent Posts

संसद के विशेष सत्र से पहले CM धामी की विपक्ष से अपील, बोले- महिला सशक्तिकरण पर रचनात्मक बहस जरूरी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 27 नवंबर को विपक्ष से संसद के विशेष…

6 hours ago

UP IPS Transfer: 28 अफसरों के तबादले, नोएडा-गाजियाबाद समेत चार कमिश्नरेट में नए पुलिस आयुक्त

उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 IPS अधिकारियों के तबादले किए। नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज…

6 hours ago

Uttarakhand Cabinet: 23 प्रस्तावों को मंजूरी, मेडिकल पीजी छात्रों पर दो साल का बॉन्ड और वन आरक्षी भर्ती की उम्र 28 साल

उत्तराखंड कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी। मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल…

6 hours ago

UP Election 2027: सपा-कांग्रेस की सीट बंटवारे पर दूसरे दौर की बातचीत, गठबंधन की रणनीति पर नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर…

6 hours ago

UP Jobs 2026: योगी ने 1,594 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, अगले सप्ताह 50 हजार भर्तियों का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 201 लेखाकार और 1,393 सहायक लेखाकार समेत 1,594 अभ्यर्थियों…

6 hours ago

UP Voter List 2027: अखिलेश ने 1.27 करोड़ और 2.5 करोड़ के आंकड़ों पर उठाए सवाल, फर्जी नाम जोड़ने का आरोप

लखनऊ में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के आंकड़ों में अंतर पर सवाल उठाए और…

6 hours ago