सिद्धार्थनगर के बांसी में बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुकान में काम कर रहे राहुल अग्रहरि पर बोलेरो सवार हमलावरों ने तमंचे की बट, डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ने विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष प्रत्यूष अमर समेत संगठन से जुड़े कुछ युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर को संगठन से जुड़े युवकों के साथ हुए विवाद और वायरल वीडियो को लेकर उन्हें पदमुक्त किए जाने के बाद से तनाव चल रहा था। घटना के बाद घायल को संयुक्त चिकित्सालय बांसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच में जुटी है।
मामला बांसी नगर पालिका क्षेत्र के शंकरनगर मोहल्ले का है। राहुल अग्रहरि मंगल बाजार स्थित धानी रोड पर अपनी दुकान में काम कर रहे थे। इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ लोग पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे की बट, डंडे और लोहे की रॉड से सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। घटना के दौरान तमंचा लहराने का भी आरोप है। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही हमलावर फरार हो गए। राहुल अग्रहरि ने विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष प्रत्यूष अमर और संगठन से जुड़े कुछ युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 22 अक्टूबर को राहुल और संगठन से जुड़े कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। एक वायरल वीडियो के बाद संगठन की टोली ने राहुल को पदमुक्त कर दिया था। इसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हमले के पीछे की असल वजह और आरोपितों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। गंभीर रूप से घायल राहुल को परिजन संयुक्त चिकित्सालय बांसी लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घायल का मेडिकल परीक्षण कराते हुए तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपितों की तलाश में जुटी है।
