सिद्धार्थनगर जिले में बीते दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश और तेज हवा के चलते जहां खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है, वहीं गेहूं की बुवाई भी करीब एक महीने पिछड़ने की आशंका है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों का कहना है कि हर साल किसी न किसी प्राकृतिक आपदा की मार उन्हें झेलनी पड़ती है। इस बार चक्रवाती तूफान के असर से हुई बारिश ने उनकी महीनों की मेहनत और जमा पूंजी पर पानी फेर दिया है। खेतों में गिरी धान की फसल को निकालना भी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। वहीं फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने परिवार के भरण-पोषण और कर्ज चुकाने का संकट खड़ा हो गया है। मीडिया से बातचीत के दौरान किसान श्याम जी पांडे ने बताया कि चक्रवाती तूफान के चलते हुई बारिश से उनकी करीब एक एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि नुकसान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि क्षेत्र के तमाम किसानों की फसल को हुआ है। धान की पैदावार प्रभावित होने के साथ ही रबी की फसल की बुवाई भी पीछे हो गई है। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
वहीं किसान प्रमोद ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण खेतों में खड़ी उनकी धान की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में उन्हें राहत मिल सके।
वहीं किसान जंगबहादुर ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उन्होंने खेती के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) भी ले रखा है। इस बार बारिश ने करीब दस बीघा खेत में खड़ी उनकी धान की फसल बर्बाद कर दी है। उन्होंने कहा कि खेती ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा है। फसल बर्बाद होने के बाद अब उनके सामने परिवार चलाने के साथ-साथ केसीसी का कर्ज चुकाने का भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से मुआवजा देने के साथ ही केसीसी का कर्ज माफ करने की मांग की है।
वहीं, किसानों की समस्याओं और फसलों को हुए नुकसान को लेकर डुमरियागंज के उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। इसके साथ ही जिन किसानों ने फसल बीमा या केसीसी करा रखा है, उनके नुकसान का आकलन संबंधित बीमा कंपनियों के माध्यम से भी कराया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 27 नवंबर को विपक्ष से संसद के विशेष…
उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 IPS अधिकारियों के तबादले किए। नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज…
उत्तराखंड कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी। मेडिकल पीजी छात्रों के लिए दो साल…
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 201 लेखाकार और 1,393 सहायक लेखाकार समेत 1,594 अभ्यर्थियों…
लखनऊ में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के आंकड़ों में अंतर पर सवाल उठाए और…