लोकल फॉर वोकल के तहत कार्यक्रम का आयोजन

लोकल फॉर वोकल के तहत कार्यक्रम का आयोजन

सिद्धार्थनगर जिले में लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने अनूठी पहल की है। दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी ने नौगढ़ विकासखंड के धेंसा गांव पहुंचकर माटी कला से जुड़े कुम्हारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खुद मिट्टी के दीये और बर्तन बनाने में हाथ आजमाया। साथ ही कुम्हारों से मिट्टी के दीये भी खरीदे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये खरीदने की अपील की, ताकि उनकी आमदनी बढ़ सके और पारंपरिक माटी कला को बढ़ावा मिले।धेंसा नानकार गांव में पिछले तीन वर्षों से मिट्टी के दीये और बर्तन बनाने का काम किया जा रहा है। यहां करीब 12 से 20 लोग मिलकर इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। कुम्हारों के मुताबिक, दीपावली से करीब दो महीने पहले ही दीये बनाने की तैयारी शुरू कर दी जाती है। मांग अधिक होने के कारण पहले से ही दीयों का स्टॉक तैयार करना पड़ता है। कारीगर घर-घर जाकर दीये पहुंचाने के साथ गांव और शहरों में भी उनकी बिक्री करते हैं। कुम्हार लवकुश प्रजापति ने बताया कि नई पीढ़ी धीरे-धीरे इस पारंपरिक कला से दूर होती जा रही है, लेकिन उन्होंने इस काम को नहीं छोड़ा। पहले वह अकेले यह काम करते थे, लेकिन अब उनके साथ करीब 20 लोगों की टीम जुड़ गई है। उन्हें देखकर गांव के करीब 50 अन्य लोगों ने भी मिट्टी के दीये बनाने का काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि दीपावली के सीजन में करीब 50 हजार रुपये और सामान्य दिनों में लगभग 20 हजार रुपये तक की कमाई हो जाती है। सरकार की ओर से उन्हें पांच लाख रुपये का ऋण और चाक सहित मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। उनका मानना है कि जिलाधिकारी की इस पहल से स्थानीय कारीगरों को नई पहचान और उनके व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि दीपावली के अवसर पर जिला प्रशासन की टीम के साथ माटी कला बोर्ड को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये ही खरीदें, जिससे उनके रोजगार और आमदनी में वृद्धि हो सके। जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने और जिला प्रशासन की टीम ने भी कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदे हैं और जिला मुख्यालय पर भी मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे।जिलाधिकारी ने आगे बताया कि जिला मुख्यालय पर सांसद निधि से एक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कला को बाजार मिल सके। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है।

दीपावली के मौके पर जिला प्रशासन की यह पहल न सिर्फ मिट्टी के दीये बनाने वाले कुम्हारों के लिए उम्मीद की नई किरण है, बल्कि लोकल फॉर वोकल और पारंपरिक माटी कला को संरक्षित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *